आदित्यपुर: आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया और उसके आसपास के क्षेत्रों में अवैध तरीके से बिना वैध दस्तावेजों तथा फर्जी कागजात के सहारे स्क्रैप की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार, गत 1 अगस्त 2026 को दोपहर में गश्ती दल के पदाधिकारी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि क्षेत्र में अवैध स्क्रैप की बड़ी खेप विभिन्न स्थानों पर भेजने की तैयारी चल रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आदित्यपुर पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ‘मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड’ के समीप छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से स्क्रैप लदे दो वाहनों—एक 407 (वाहन संख्या: JH 05AL 6047) तथा एक छोटा हाथी (वाहन संख्या: JH 05AU 4216) को धर दबोचा। जांच के दौरान वाहनों पर लदे स्क्रैप के संबंध में चालकों द्वारा कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार चालकों की पहचान बबलू कुमार (उम्र 28 वर्ष, पिता- ठाकुर मछुआ, निवासी- जमको मछुआ बस्ती, थाना- टेल्को) और संतोष सरदार (उम्र 27 वर्ष, पिता- बनवाली सरदार, निवासी- आदित्यपुर 2 बनता नगर, थाना- RIT) के रूप में हुई है।
चालकों के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों के मालिकों तथा संबंधित कंपनी मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। आज, 2 अगस्त 2026 को गिरफ्तार दोनों चालकों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य अभियुक्तों व स्क्रैप कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारी की जा रही है।








