चाईबासा में मॉब लिंचिंग: दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

चाईबासा में मॉब लिंचिंग

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पतारहातु गांव में कथित मॉब लिंचिंग की एक गंभीर घटना सामने आई है। गांव के बारुसाई टोला में 54 वर्षीय कुंडिया सिंकु की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक पर एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया गया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।

बड़ाजामदा में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब छह बजे कुंडिया सिंकु अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान 10 से 12 लोग उसके घर पहुंचे और उसे जबरन बाहर निकाल लिया। आरोप है कि उसे मारते-पीटते हुए गांव में कुछ दूरी पर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास ले जाया गया, जहां लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक का शव पूरी रात घटनास्थल पर पड़ा रहा। सोमवार सुबह जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी खोजबीन करते हुए वहां पहुंची और पति का शव देखकर स्तब्ध रह गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

मृतक के बड़े बेटे रघुनाथ सिंकु ने कुमारडुंगी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। इस दौरान परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से इनकार कर दिया।

कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दुष्कर्म के प्रयास के आरोप सहित सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की निगरानी बढ़ा दी गई है।

नोट: इस मामले में दुष्कर्म के प्रयास का आरोप अभी जांच के अधीन है। इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

http://आदित्यपुर पुलिस की कार्रवाई: दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *