चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आगाज रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में कोल्हान किंग ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को 8 विकेट से शिकस्त देकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की।
पिछले कुछ दिनों से लगातार हुई बारिश के कारण मैदान की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। मैदान को मैच के लिए तैयार करने में आयोजकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। परिस्थितियों को देखते हुए दोनों अंपायरों और मैच रेफरी ने मुकाबले को घटाकर 10-10 ओवर का करने का फैसला लिया।
जगन्नाथपुर टाइगर्स ने बनाए 99 रन
टॉस जीतकर कोल्हान किंग ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जगन्नाथपुर टाइगर्स की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 99 रन बनाए।
टीम की ओर से डेविड सागर मुंडा ने 22 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 30 रन बनाए। अजय प्रधान 14 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अतुल सिंह सुरवर ने 13 रनों का योगदान दिया।
कोल्हान किंग की गेंदबाजी में बाएं हाथ के स्पिनर सन्नी मिश्रा ने 10 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं विश्वजीत सिंह ने 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

रोबिन मिंज और नाजीम सिद्दीकी ने पलटा मैच
100 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान किंग ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 7.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 104 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आइकॉन खिलाड़ी रोबिन मिंज ने सिर्फ 17 गेंदों में 1 चौका और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। नाजीम सिद्दीकी ने 13 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 34 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।
कप्तान शिवम कुमार ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 27 रन बनाए। जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से प्रकाश सीट और ए. पवन कुमार ने एक-एक विकेट लिया।
नाजीम सिद्दीकी बने प्लेयर ऑफ द मैच
मैच समाप्त होने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार ने कोल्हान किंग के बल्लेबाज नाजीम सिद्दीकी को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
उपायुक्त ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
इससे पहले पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह की गेंद पर शानदार शॉट लगाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
मैच का संक्षिप्त स्कोर
जगन्नाथपुर टाइगर्स: 99/6 (10 ओवर)
कोल्हान किंग: 104/2 (7.4 ओवर)
नतीजा: कोल्हान किंग ने 8 विकेट से जीत दर्ज की।
प्लेयर ऑफ द मैच: नाजीम सिद्दीकी
http://IPL की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आगाज 22 सितंबर से, विजेता टीम को मिलेंगे ₹10 लाख








