सरायकेला। सरायकेला-खरसावाँ जिले की पुलिस ने विदेशी शराब दुकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को अवैध आग्नेयास्त्र और चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। इस छापामारी दल में सीनी ओ०पी० प्रभारी पु०अ०नि० गौरव कुमार, स०अ०नि० हरे कृष्ण महतो, स०अ०नि० सुगदा हाँसदा और सीनी ओ०पी० के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
विदित हो कि विगत 8 सितंबर 2026 की रात सीनी मोड़ स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त विदेशी शराब दुकान का वेंटिलेटर काटकर अज्ञात चोरों ने शराब की बोतलें चुरा ली थीं, जिसके संबंध में सीनी ओ०पी० में कांड सं० 86/2026 दर्ज किया गया था। एसआईटी ने सुराग जुटाते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधी नगर (छोटा शिव मंदिर के समीप) निवासी 22 वर्षीय बादल समासी (पिता- विजय समासी) को दबोच लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त बादल समासी ने सीनी के अलावा 14 सितंबर को आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरे पंजाब चौक स्थित डीएस टावर की विदेशी शराब दुकान (कांड सं० 250/2026) में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने का जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने अपराधियों के पास और उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल, एक बाइक, चोरी की ‘गोल्फर शॉट’ व्हिस्की की 10 बोतलें तथा वेंटिलेटर व टीन काटने में इस्तेमाल बोल्ट कटर, प्लास और पेचकस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बादल समासी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है; उसके खिलाफ बागबेड़ा थाने में आर्म्स एक्ट और चोरी के तीन मामले पूर्व से दर्ज हैं।








