आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मार्ग संख्या 4 स्थित गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर में सोमवार देर रात पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्कूल संचालक सत्यप्रकाश सुधांशु ने अपने छोटे भाई और चर्चित चिकित्सक डॉ. ओपी आनंद पर सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल के सीसीयू में भर्ती कराया गया। देर रात गोली निकालने के लिए ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर स्थित डुप्लेक्स के निचले तल पर डॉ. ओपी आनंद और ऊपरी तल पर उनके बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु रहते हैं। वर्ष 2021 में पिता स्व. वाईपी यादव के निधन के बाद से ही दोनों भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों ने अपनी सुरक्षा के लिए निजी अंगरक्षक भी रखे थे।
सोमवार रात करीब 10 बजे घर लौटने के दौरान सत्यप्रकाश की डॉ. आनंद की पत्नी सरिता आनंद से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान सत्यप्रकाश ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर उन पर तान दी। पत्नी को बचाने के लिए जैसे ही डॉ. आनंद आगे आए, सत्यप्रकाश ने गोली चला दी, जो उनकी पीठ में जा लगी। दूसरी बार फायरिंग की कोशिश के दौरान सुरक्षा गार्ड ने आरोपी को खींच लिया, जिससे गोली हवा में चली।
डॉ. आनंद की पुत्री आन्या के अनुसार, गोली लगने के बाद परिजन और उनके बड़े पापा ही उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, बाद में बड़े पापा अस्पताल से फरार हो गए।
कर्ज और मुकदमों के कारण तनाव में थे डॉ.आनंद
डॉ. ओपी आनंद पूर्वी सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से सांसद और जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ विवाद के बाद वह चर्चा में आए थे। मरीज की शिकायत से जुड़े मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। बताया जाता है कि जेल से लौटने के बाद अस्पताल बंद होने, बैंक के भारी कर्ज और लगातार आर्थिक नुकसान के कारण वह तनाव में चल रहे थे। इन्हीं परिस्थितियों को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान सर्विस रिवॉल्वर से गोली चली है। पुलिस परिजनों, नौकरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर प्राथमिकी की प्रक्रिया पूरी कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांचकी जा रही है।








