एमपी नगीना में नवनिर्मित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भव्य उद्घाटन
Adityapur (आदित्यपुर) : पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के हर नागरिक, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां पहुंचाना प्रधानमंत्री का एक “ड्रीम प्रोजेक्ट” है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों का विस्तार होने से आम लोगों को महंगे इलाज और दवाइयों के खर्च से बड़ी राहत मिल रही है।

गुरुवार शाम आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित एमपी नगीना में नवनिर्मित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और डॉ. मीरा मुंडा का मुकेश भगत एवं राजेश कुमार मुन्ना ने बुके भेंट कर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के माध्यम से लोगों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सबसे अधिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि “पैन इंडिया” स्तर पर जन औषधि केंद्रों का जो नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, वह स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव साबित हो रहा है।

डॉक्टर मरीजों को जेनेरिक दवाओं का विकल्प दें
मीडिया से बातचीत के दौरान अर्जुन मुंडा ने डॉक्टरों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों से अपील करते हुए कहा कि मरीजों को जेनेरिक दवाइयों का विकल्प जरूर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये दवाइयां पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी हैं तथा भारत सरकार स्वयं इनके गुणवत्ता मानकों की निगरानी करती है।
उन्होंने कहा कि ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में जेनेरिक दवाइयों की कीमत काफी कम होती है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का मेडिकल खर्च काफी हद तक कम हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आदित्यपुर में शुरू हुआ यह नया प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत और लाइफलाइन साबित होगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, वार्ड पार्षद नीतू शर्मा, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, एके श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार ब्रजकिशोर सिंह, अधिवक्ता ओमप्रकाश, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, सरयू पासवान, सुरेश धारी, कुमार विपिन बिहारी, डॉ. मृत्युंजय सिंह, डॉ. हिमांशु शेखर भारती, भाजपा नेत्री रितिका मुखी, सारथी महतो, विमल दास, निशु कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा संचालन समिति में रजनी भगत, सुनीता भगत, नीलू गुप्ता, पूनम गुप्ता, बॉबी गुप्ता और प्रतिमा भगत सहित अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और केंद्र की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।








