आदित्यपुर। करीब 395.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आदित्यपुर बृहद जलापूर्ति योजना में आठ वर्ष बाद भी जलापूर्ति शुरू न होने से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। 4 दिसंबर 2018 को शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 3 दिसंबर 2021 तक पूरा होना था, लेकिन बार-बार समय विस्तार के बावजूद जिंदल एजेंसी इसे पूरा करने में विफल रही है। हाल ही में 15 जुलाई 2026 की समय सीमा फेल होने के बाद एजेंसी द्वारा टेस्टिंग के नाम पर सीधे ‘रॉ वाटर’ (अशुद्ध पानी) की सप्लाई कर दी गई। इसी बीच, पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के बैनर तले नगर आयुक्त एजाज अनवर का बुके और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और एक मांग पत्र सौंपा।

समिति ने मांग की है कि भ्रामक तारीखें देने के बजाय आदित्यपुर-2 क्षेत्र में स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, साथ ही परियोजना का थर्ड पार्टी तकनीकी ऑडिट कराया जाए। इसके अलावा, समिति ने नगर निगम के सभी 35 वार्डों में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, प्रति वार्ड 25 नई लाइटें लगाने तथा बरसात के मद्देनजर बड़े नालों की युद्ध स्तर पर सफाई कराने की मांग उठाई।

नगर आयुक्त एजाज अनवर का कड़ा रुख:
नगर आयुक्त एजाज अनवर ने कहा अगस्त तक पानी मिलना संभव नहीं है क्योंकि फिल्टर बेड अभी तैयार नहीं हैं। टेस्टिंग के नाम पर दिए जा रहे ‘रॉ वाटर’ से लोग बीमार हो सकते हैं; पानी में एक ढेला फिटकिरी तक नहीं मिला है। ठेकेदार सितंबर तक भी काम पूरा कर पाए, इसकी संभावना नहीं दिखती। बार-बार जनता को दिग्भ्रमित करने वाली जिंदल एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए काम कैंसिल किया जाएगा और उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। साथ ही विकास कार्य में जियाडा और जुस्को से भी सहयोग लिया जाएगा।
लाइटिंग और सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त व मेयर का आश्वासन
पुरेन्द्र ने कहा कि स्ट्रीट लाइट चार अलग-अलग कंपनियों ने लगाई थीं, जिससे मेंटेनेंस में बाधा आ रही है। पूर्व का टेंडर रद्द हो चुका है, अब जल्द ही नया टेंडर निकाला जाएगा। वहीं, मेयर से मुलाकात के बाद यह स्पष्ट है कि सफाई का टेंडर प्रक्रिया में है और जल्द ही नगर निगम क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर वृहद विशेष सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।
ये रहे मौजूद:-
एसएन यादव, एसडी प्रसाद, उदित यादव, अश्वनी सिंह, कुमार विपिन बिहारी प्रसाद, देव प्रकाश, संजय कुमार सिंह,सिद्धनाथ सिंह यादव, उमाशंकर राम, दिलीप मंडल, रामानंद भक्ता, कैलाश शाह, छविनाथ प्रसाद, ओमप्रकाश, सेवा सिंह, सिमरन मेहरा ,संतोष यादव ,विनोद कुमार, सोनू पासवान, संदीप पासवान, विजय गुप्ता, विनोद जायसवाल








