Adityapur (आदित्यपुर) : आरआईटी थाना क्षेत्र के कुलपटांगा में आयोजित एक महापंचायत के बाद जमीन का पुराना विवाद हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। ‘भूमिज मुंडा महापंचायत सह आदिवासी भूमि बचाओ सभा’ के संपन्न होते ही अचानक उग्र हुई भीड़ ने वहां संचालित एक आवासीय परियोजना की साइट पर धावा बोल दिया।

आदिवासी हो समाज युवा महासभा जागरूकता अभियान : ग्रामीण समस्याओं और नशा मुक्ति को लेकर बैठक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने बिल्डर सूरज भदानी के कार्यालय में घुसकर जमकर उत्पाद मचाया। इस दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरे, नवनिर्मित चहारदीवारी और एक जेसीबी मशीन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर जब डीएसपी और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, तो लाठी-डंडों से लैस भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ भी तीखी धक्का-मुक्की की, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।

इस मामले में दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं। डेवलपर का कहना है कि उनके पास भूमि के सभी वैध दस्तावेज और स्वीकृत सरकारी नक्शा मौजूद है। इसके विपरीत, विपक्ष का नेतृत्व कर रहे राजू सरदार का दावा है कि यह उनके पूर्वजों की जमीन है, जिस पर वे दशकों से खेती कर रहे हैं। उन्होंने राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने बिल्डर की शिकायत पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं समेत कई नामजद और अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







