आदित्यपुर नगर निगम: पूजा पंडालों से सफाई शुल्क लेने का आदेश वापस, मेयर और डिप्टी मेयर बोले— पूर्व की भांति निशुल्क होगी सफाई, संसाधनों की कमी पर राज्य सरकार को घेरा

आदित्यपुर नगर निगम, दुर्गा पूजा पंडाल सफाई शुल्क

आदित्यपुर । आदित्यपुर नगर निगम द्वारा आगामी दुर्गा पूजा को लेकर पूजा पंडालों में साफ-सफाई के एवज में सेवा शुल्क लगाए जाने के निर्णय का भारी विरोध होने के बाद निगम प्रशासन ने यह आदेश वापस ले लिया है।

सोमवार को नगर निगम कार्यालय में मेयर संजय सरदार और डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने संयुक्त रूप से एक आपात प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी आधिकारिक घोषणा की।

आदित्यपुर नगर निगम, दुर्गा पूजा पंडाल सफाई शुल्क

​प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मेयर संजय सरदार ने बताया कि नगर आयुक्त के स्तर से पंडालों में सफाई के लिए सेवा शुल्क लगाने का पत्र जारी हुआ था। इस संबंध में न तो उनसे कोई सलाह ली गई और न ही कोई मंतव्य मांगा गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि यह पत्र उनके पास आता, तो वे इसे कभी स्वीकृति नहीं देते। मेयर ने कहा कि नगर निगम बनने से पहले से ही आदित्यपुर में पूजा पंडालों और वार्डों में निशुल्क सफाई की परंपरा रही है। निगम के उपलब्ध संसाधनों से पहले की तरह पूरी निष्ठा के साथ निशुल्क सफाई कराई जाएगी।

​वहीं, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि पूजा कमेटियों और आम जनता की कड़ी आपत्ति के बाद नगर आयुक्त से इस संदर्भ में विस्तृत वार्ता की गई। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सफाई शुल्क के फैसले को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त की मंशा किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी, बल्कि निगम में संसाधनों का भारी अभाव है।

​डिप्टी मेयर ने राज्य सरकार को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि निगम लगातार संसाधनों की मांग कर रहा है, लेकिन मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि नगर निगम कब तक संसाधनों की कमी से जूझता रहेगा? उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मांग की कि वे राजनीति करने के बजाय राज्य सरकार से निगम को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *