Adityapur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के पान दुकान चौक के पास गुरुवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ये भी पढ़े:- Adityapur Kadma Car Accident: आदित्यपुर के कुख्यात की कार दुर्घटना में मौत , गाड़ी पर लगा था झामुमो का झंडा

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में आ रही एक यामाहा बाइक और सामने से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यामाहा बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों वाहनों के सवार सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यामाहा बाइक पर तीन युवक सवार थे, जो काफी तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बुलेट से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बीच सड़क पर कुछ देर तक जमकर धक्का-मुक्की होती रही, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तनाव कुछ देर तक बना रहा। घटना की जानकारी आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई, हालांकि पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लग गया।
पुलिस की देरी से लोग नाराज
पुलिस की देरी पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। इसी बीच सड़क पर जाम की स्थिति भी पैदा हो गई, जिससे राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया और उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ की। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पूरी घटना की जांच की जा रही है।

