Chandil: जायदा मंदिर के समीप नदी में डूबा युवक लापता, एनडीआरएफ की मदद से जारी सर्च ऑपरेशन

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के जायदा मंदिर के समीप नदी में नहाने के दौरान एक युवक डूबकर लापता हो गया। घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। युवक की तलाश के लिए पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबे युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी आदर्शनगर निवासी विक्रम कुमार के 23 वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रेम कुमार अपने दोस्तों के साथ जायदा मंदिर के पास नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूबकर लापता हो गया।
घटना के बाद साथियों ने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल और रेस्क्यू टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कराई। हालांकि देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।

रात में अंधेरा बढ़ने तथा नदी की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। मंगलवार सुबह सात बजे से स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दोबारा खोज अभियान शुरू किया गया।
चांडिल के सीआई रवि कुमार सिंह ने बताया कि नदी में पानी की गहराई काफी अधिक है, जिससे केवल पांच से छह फीट तक ही दृश्यता मिल पा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चांडिल डैम के सभी फाटक बंद कर दिए गए हैं। साथ ही खोज अभियान को तेज करने के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *