तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए उपायुक्त, बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन

तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम

चाईबासा: सरकारी विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास, विद्यालय के प्रति आकर्षण बढ़ाने तथा आनंददायक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से संचालित तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न विद्यालयों में किया गया। इसी क्रम में चाईबासा स्थित आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार माँझी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो भी उपस्थित रहे।

तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम

जून माह के 21 बच्चों का मनाया गया जन्मदिन

विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह की 20 तारीख को आयोजित होने वाला तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम इस बार राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर उपायुक्त के निर्देशानुसार 15 जून को आयोजित किया गया। जून माह में जन्मदिन वाले 21 बच्चों के लिए विशेष आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त ने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।

तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम

उपायुक्त ने बच्चों को अपने हाथों से केक खिलाया, शुभकामनाएं दीं तथा अधिकारियों के साथ मिलकर उपहार भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए तथा जिला प्रशासन बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

बच्चों में बढ़ेगा अपनत्व और विद्यालय के प्रति आकर्षण

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि जन्मोत्सव जैसे कार्यक्रम समाज के वंचित और पिछड़े वर्ग के बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करते हैं और शिक्षा के प्रति उनका जुड़ाव बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कार्यक्रम के प्रायोजक सनराइज हॉस्पिटल के सहयोग की भी प्रशंसा की।

तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय सभागार में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर कृमिनाशक दवा वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ. जुझार माँझी ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों को प्रभावित करता है। इससे एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी, पेट दर्द तथा पढ़ाई में एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल दवा पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार बच्चों को दी जाती है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को कृमि संक्रमण से बचाव और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *