Saraikela: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें : उपायुक्त

मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026

सरायकेला। जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) 2026 की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने संबंधी विभिन्न माध्यमों से प्रसारित की जा रही सूचनाएं भ्रामक और तथ्यहीन हैं। प्रशासन का उद्देश्य सभी पात्र मतदाताओं का नाम सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है।

नीलांचल कंपनी डकैती कांड का फरार आरोपी अमर प्रमाणिक गिरफ्तार

30 जून से घर-घर जाकर होगा सत्यापन

उपायुक्त ने बताया कि एसआईआर 2026 के तहत 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 20 जून से 29 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं आवश्यक दस्तावेजों के मुद्रण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी 29 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।

अगस्त से शुरू होगी दावा एवं आपत्ति प्रक्रिया

प्रशासन द्वारा 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा अन्य आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन, नोटिस जारी करने तथा सुनवाई की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अंतिम रूप से संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

अफवाहों से बचें, आधिकारिक सूचना पर करें भरोसा

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही आधार बनाएं। प्रेस वार्ता में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार तथा सहायक निर्वाचित पदाधिकारी पारुल सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

​सिंहभूम इंडस्ट्री एसोसिएशन

Adityapur: सिंहभूम इंडस्ट्री एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, अध्यक्ष संतोष सिंह के नेतृत्व में नई उद्योग नीति, बिजली दरों में वृद्धि और श्रमिक समस्याओं पर एसोसिएशन ने की सख्त रुख अपनाने की घोषणा