चक्रधरपुर स्टेशन पर मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, तमिलनाडु ले जाई जा रही दो नाबालिग लड़कियां बचाई गईं

चक्रधरपुर मानव तस्करी

चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु ले जाई जा रही दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का प्रयास नाकाम, एक दलाल गिरफ्तार, बाल संरक्षण टीम की बड़ी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ को पहले से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नाबालिग लड़कियों को नौकरी और अधिक कमाई का झांसा देकर राज्य से बाहर ले जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी शुरू की और संदिग्ध यात्रियों की जांच की।

जांच के दौरान एक व्यक्ति दो नाबालिग लड़कियों के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ करने पर वह उनके संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर दोनों लड़कियों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोमनाथ लागुरी (33 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित बोन-हरतालाब गांव का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दोनों लड़कियों को पैसों और रोजगार का लालच देकर तमिलनाडु ले जा रहा था।

रेस्क्यू की गई दोनों नाबालिगों की काउंसिलिंग कराई जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। वहीं आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।

इस संयुक्त अभियान में जीआरपी थाना प्रभारी मो. सुहेल खान के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्टेशनों पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है।

रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी बच्चे या महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाते हुए देखें या किसी प्रकार की मानव तस्करी की आशंका हो तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा आरपीएफ को सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी की जिंदगी बचा सकती है।

http://चाईबासा में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, गुजरात भेजे जाने से पहले 36 लोगों का रेस्क्यू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *