चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना नक्सल प्रभावित रूटुगुटू के घने जंगलों में उस समय हुई, जब कोबरा 209 बटालियन के जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे।
सारंडा IED विस्फोट: सर्च ऑपरेशन के दौरान कोबरा जवान घायल, इलाके में हाई अलर्ट

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रहे थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही जवान जंगल के अंदर आगे बढ़े, उनका सामना माओवादियों से हो गया। इसके बाद दोनों ओर से तेज़ गोलीबारी शुरू हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ रुक-रुक कर जारी रही, जिससे पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है और सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
माओवादी गतिविधि बढ़ने के संकेत
हाल के दिनों में गोइलकेरा क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या के बाद से इलाके में माओवादी गतिविधियों के बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में संगठन अभी भी सक्रिय है और क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बनाए हुए है।
सुरक्षा एजेंसियों को पहले से इनपुट मिले थे कि सारंडा और कोल्हान इलाके में माओवादी फिर से सक्रिय हो सकते हैं। ताजा मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
http://सारंडा में नक्सली आईईडी ब्लास्ट: कोबरा के दो जवान घायल, बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट








