चाईबासा : डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा के खिलाड़ियों ने क्लस्टर स्तरीय एथलेटिक मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 52 पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं, नोवामुंडी में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में भी विद्यालय की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
31 जुलाई को डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर में आयोजित क्लस्टर एथलेटिक मीट में विद्यालय के खिलाड़ियों ने ट्रैक एवं फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और चक्का फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए 23 स्वर्ण, 16 रजत और 13 कांस्य पदकों सहित कुल 52 पदक अपने नाम किए।

इधर, नोवामुंडी में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में भी डीएवी गुवा की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता बनकर रजत पदक हासिल किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं फुटबॉल टीम को सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय खेल शिक्षक विनोद कुमार साहू के मार्गदर्शन, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया। प्राचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों ने सभी खिलाड़ियों और फुटबॉल टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








