सरायकेला: जर्जर सड़क और प्रशासनिक लापरवाही का खूनी खेल, अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से ‘ऑल्टो बाबा’ की दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरार

सरायकेला, सड़क दुर्घटना

सरायकेला। जिले की खस्ताहाल और गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों की वजह से शुक्रवार तड़के एक और दर्दनाक हादसा हो गया। सरायकेला थाना क्षेत्र के पाउड़ी मेल मार्ग पर सड़क के जानलेवा गड्ढों से बचने के प्रयास में एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी वैगनआर कार को पीछे से भयानक टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में कार में सवार शिवलाल गोप उर्फ “ऑल्टो बाबा” की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी महेंद्र सिंह जामूदा गंभीर रूप से घायल हो गए।

सरायकेला, सड़क दुर्घटना
​घटना के अनुसार, हेसा गांव निवासी महेंद्र सिंह जामूदा धार्मिक अनुष्ठान के सिलसिले में शिवलाल गोप को अपने घर ले गए थे। चाईबासा से लौटते समय पाउड़ी मेल के पास महेंद्र शौच के लिए कार से बाहर निकले थे, जबकि ऑल्टो बाबा अंदर ही मौजूद थे। जैसे ही महेंद्र वापस कार में बैठने पहुंचे, तभी बेकाबू होकर आए ट्रक ने कार को उड़ा दिया। टक्कर इतनी तीव्र थी कि वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

सरायकेला, सड़क दुर्घटना

​सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों को सदर अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने शिवलाल गोप को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जर्जर सड़क और प्रशासनिक अनदेखी को जिम्मेदार ठहराते हुए तुरंत सड़क मरम्मत, फरार चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार वाहन की तलाश में जुटी है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *