गम्हरिया : सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मेन रोड स्थित निर्मल पथ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार टिप-टेलर ट्रक (एमएच-12 एलटी-8538) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना गम्हरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वहां से गुजर रही एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दोनों युवक कपाली थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान मोहम्मद निसार और मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दूसरे ने एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गम्हरिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।








