सरायकेला: बंद घरों को निशाना बनाने वाले अंतरजिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, सोने-चांदी के गहनों के साथ 4 गिरफ्तार सोने-चांदी के आभूषण व बिस्कुट बरामद

सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता

सरायकेला: सरायकेला थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने बंद एवं सुनसान घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का सफल उद्भेदन किया है।

​पुलिस को 19 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि खरसावां थाना (आमदा ओपी) क्षेत्र में हाल ही में हुई चोरियों के जेवरात गुलगुलिया बस्ती (आमदा) निवासी ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी के घर छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। इस दौरान घर से प्लास्टिक की पोटली में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता

​पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका मुख्य पेशा बंद घरों में चोरी करना है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ललन सिंह मोदी के परिवार के सदस्यों—अनु मोदी, रौशन मोदी, रूपा मोदी (पति: रौशन मोदी) एवं कुंती मोदी (पति: गुड़राम मोदी), सभी निवासी गुलगुलिया बस्ती, आमदा को गिरफ्तार कर लिया है।

​बरामदगी:

पुलिस ने मौके से सोने के लॉकेट (8 पीस), झुमका/टॉप (2 पीस), नथिया (1 पीस), ताबीज (1 पीस) सहित चांदी की बड़ी-छोटी पायल (21 पीस), दुल्हिन पांजा, कड़ा, कमर खोसनी, ब्रेसलेट, सिंदूर डिबिया, अंगूठी, बिछिया और चांदी के 2 बिस्कुट (प्रत्येक 5 ग्राम) सहित भारी मात्रा में आभूषण जब्त किए हैं। खरसावां थाना (आमदा ओपी) में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *