जमशेदपुर: एनटीटीएफ के 10 दिवसीय ‘रोप-इन’ कार्यक्रम का समापन, ब्रिज किशोर सिंह बोले– टीम भावना और समय की प्रतिबद्धता ही सफलता की कुंजी

एनटीटीएफ रोप-इन कार्यक्रम जमशेदपुर

जमशेदपुर: एनटीटीएफ (आर.डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर), गोलमुरी एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नए बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय ‘रोप-इन’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। संस्थान के सभागार में आयोजित समापन समारोह में विद्यार्थियों ने योग, समूह पीटी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

एनटीटीएफ रोप-इन कार्यक्रम जमशेदपुर

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह, संस्थान की प्राचार्य प्रीता जॉन तथा उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का अभिनंदन किया।

उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने स्वागत भाषण में कहा कि रोप-इन कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का संस्थान में प्रवेश कराना नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन, टीम भावना और संस्थान की कार्य संस्कृति से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को योग, शारीरिक प्रशिक्षण, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, मेमोरी तकनीक, टीम बिल्डिंग और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक सीख प्रदान की गई।

एनटीटीएफ रोप-इन कार्यक्रम जमशेदपुर

मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “टीम भावना और समय की प्रतिबद्धता ही सफलता का मूलमंत्र है।” उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच विकसित करने, नेतृत्व क्षमता को निखारने और निरंतर सीखते रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ मजबूत व्यक्तित्व और अनुशासन ही युवाओं को उद्योग जगत में सफल बनाते हैं।

प्राचार्य प्रीता जॉन ने कहा कि एनटीटीएफ का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा देना नहीं, बल्कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप अनुशासित, कुशल और जिम्मेदार तकनीशियन तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ दैनिक डायरी के लिए रीमा कर्मकार और आर्या श्रीवास्तव, कोलाज प्रतियोगिता में राज नंदिनी, सपना सिंह और अवनीत संधू, सर्वश्रेष्ठ योग के लिए राज नंदिनी, सर्वश्रेष्ठ व्यायाम के लिए प्रिंस तिवारी तथा सर्वश्रेष्ठ अनुशासन के लिए करणदीप सिंह और साई पद्मा नंदा को पुरस्कार प्रदान किए गए।

समापन अवसर पर विद्यार्थियों के योग और समूह पीटी प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मृण्मय कुमार महतो, ज्योति कुमार ठाकुर सहित संस्थान के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *