जमशेदपुर: जमशेदपुर के प्रसिद्ध व्यवसायी दिवंगत विक्रम शर्मा की कंपनी, विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन में बड़ा बदलाव किया गया है। कंपनी के बोर्ड ने अशोक सिंह (उर्फ राघव) को नया निदेशक नियुक्त किया है। सोनारी निवासी अशोक राघव एक प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल के चेयरमैन भी हैं।
विक्रम शर्मा की बीती 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दुखद घटना के बाद, उनके विशाल कारोबारी साम्राज्य को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से परिवार ने राघव को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

600-700 करोड़ का विस्तृत व्यापारिक नेटवर्क
विक्रम उद्योग प्रा.लि. का वार्षिक टर्नओवर लगभग 600 से 700 करोड़ रुपये है। कंपनी का व्यापारिक विस्तार कई राज्यों में फैला हुआ है:
* हरियाणा: गुड़गांव (रोहतक) में ‘ट्रूबक्स बीयर’ का अत्याधुनिक बॉटलिंग प्लांट।
* मध्य प्रदेश: जबलपुर में 200 एकड़ की विशाल भूमि संपत्ति।
* पश्चिम बंगाल: रानीगंज में कोयला खनन एवं व्यापार तथा कोलकाता (RNT हॉस्पिटल के समीप) 10.70 बीघा जमीन।
* उत्तर प्रदेश व झारखंड: मिर्जापुर में सिलिका (क्वार्ट्ज) का कार्य और घाटशिला में स्टोन क्रशर यूनिट।
उल्लेखनीय है कि विक्रम शर्मा हत्याकांड में शूटरों की तलाश अभी जारी है। राघव की नियुक्ति से कंपनी के ऑपरेशन्स में स्थिरता आने की उम्मीद है।








