Saraikela (सरायकेला) : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित कांड्रा मोड़ पर गुरुवार देर रात बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रक के अनियंत्रित होने से सड़क किनारे खड़े तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रक वन विभाग की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए परिसर के अंदर जा घुसा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक संख्या JH02AY 3700 तेज गति से कांड्रा मोड़ की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान चालक को कथित रूप से नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ऑल्टो, स्कॉर्पियो और अर्टिगा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहनों को टक्कर मारने के बाद भी ट्रक नहीं रुका और सीधे वन विभाग की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए परिसर के अंदर घुस गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
गनीमत रही कि हादसे के समय किसी भी वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। हालांकि दुर्घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और ट्रक मालिक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांड्रा मोड़ पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।







