जमशेदपुर में खड़ी दो बसों में भीषण आग, लाखों का नुकसान

उलीडीह के संकोसाई में देर रात मची अफरा-तफरी, पुलिस को असामाजिक तत्वों पर शक

जमशेदपुर: शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत संकोसाई एक नंबर रोड में रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी दो बसों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों बसें धू-धू कर जलने लगीं। घटना से इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

Chaibasa Restaurant Fire : मधु बाजार के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, करीब 20 लाख का नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे तीन बसें खड़ी थीं। देर रात अचानक एक बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और पास में खड़ी दूसरी बस तक फैल गई। आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक बस को किसी तरह सुरक्षित हटा लिया, जिससे वह जलने से बच गई। वहीं आग की सूचना दमकल विभाग और उलीडीह पुलिस को दी गई।

कुछ देर बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दोनों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं। इस घटना में वाहन मालिकों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों और पुलिस को आशंका है कि बसों में आग असामाजिक तत्वों द्वारा लगाई गई हो सकती है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।

आग की चपेट में बिजली के तार भी आ गए थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली कटवाई। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद होने से बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय बसों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

http://गम्हरिया दुकान आग: फुटपाथी दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *