Adityapur (आदित्यपुर) : सरायकेला उपायुक्त के निर्देशानुसार सोमवार (18 मई) से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होना था। हालांकि, स्थानीय छोटे दुकानदारों की जीविका को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन ने इस मामले में हस्तक्षेप किया है, जिसके बाद अभियान की रूपरेखा बदल दी गई है।
सोमवार को सुवर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता कार्यालय में चंपाई सोरेन ने नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में आम सहमति बनते हुए आदित्यपुर थाना रोड और जियाडा भवन के पीछे की सड़कों से फिलहाल अतिक्रमण हटाने पर रोक लगा दी गई है, जिससे सैकड़ों छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है।

कहां जारी रहेगा अभियान?
पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य सड़क और सर्विस लेन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने पर पूरी सहमति जताई है। इसके बाद प्रशासन अब मंगलवार से इन मुख्य मार्गों पर मुस्तैदी से अभियान चलाएगा।
दुकानदारों ने खुद हटाए अतिक्रमण
इधर, कार्रवाई के डर से सोमवार को आदित्यपुर आकाशवाणी चौक के समीप सर्विस लेन पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने स्वतः ही अपनी दुकानों को हटा लिया या सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया। मामले पर नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आम जनता की परेशानी को दूर करने के लिए सभी प्रमुख चौक-चौराहों से हर हाल में अतिक्रमण हटाया जाएगा।







