गुवा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र अंतर्गत बिचाईकिरी गांव में ग्राम सुरक्षा समिति एवं बाल अधिकार सुरक्षा मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा तथा गांव की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जिन बच्चों का आधार कार्ड अब तक नहीं बन पाया है, उनकी सूची तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का निर्णय लिया गया।

हर महीने होगी ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ग्राम सुरक्षा समिति प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को नियमित बैठक आयोजित करेगी। इन बैठकों में गांव एवं टोला स्तर की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने पर भी सहमति बनी।
निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत है, जिसे ग्रामीणों और समिति सदस्यों ने सकारात्मक पहल बताया।
मध्य विद्यालय जाने वाले बच्चों के लिए बस सुविधा की मांग
बैठक में बिचाईकिरी स्कूल से मध्य विद्यालय जाने वाले करीब 15 बच्चों के लिए बस सुविधा नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अभिभावकों ने कहा कि परिवहन सुविधा के अभाव में बच्चों को रोजाना काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि बिचाईकिरी गांव स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के गुवा पोषक क्षेत्र में होने के बावजूद अब तक शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
कई सामाजिक कार्यकर्ता और महिलाएं रहीं उपस्थित
बैठक में मुख्य रूप से पदमा केसरी, गीता देवी एवं शताक्षी दास सहित गांव की कई महिलाएं उपस्थित थीं। सभी ने बच्चों के बेहतर भविष्य और गांव में शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।








