सरायकेला में असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई: कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में चला सघन अभियान

सरायकेला पुलिस

सरायकेला: सरायकेला नगर एवं आसपास के इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध की रोकथाम के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील व सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से इलाके में बेवजह जमावड़ा लगाने और हुड़दंग करने वालों में हड़कंप मच गया।

सरायकेला पुलिस

​पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि शाम ढलते ही चौक-चौराहों, सुनसान गलियों और पार्कों के आसपास असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी बढ़ रही है, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इसी के मद्देनजर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चिह्नित स्थानों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध रूप से जमावड़ा लगाए चार युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

​थाने में चारों युवकों से पुलिस अधिकारियों ने सघन पूछताछ की और उनकी गतिविधियों की पड़ताल की। इसके बाद भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जमावड़ा न लगाने की कड़ी चेतावनी देते हुए सभी को पीआर बॉन्ड पर रिहा किया गया।

​थाना प्रभारी विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *