Saraikela (सरायकेला) : सरायकेला पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में अप्रैल माह की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले की कानून व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों की गहन समीक्षा की गई।

लाल वारंट के लिए चलेगा विशेष अभियान
एसपी निधि द्विवेदी ने कांडों के निष्पादन की सराहना करते हुए बताया कि इस माह दर्ज हुए नए केसों की तुलना में पुराने मामलों का निपटारा अधिक तेजी से किया गया है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को ‘लाल वारंट’ (परमानेंट वारंट) के निष्पादन के लिए मिशन मोड में काम करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उच्च श्रेणी के इन वारंटों के निपटारे के साथ-साथ अन्य सभी प्रकार के वारंटों को भी प्राथमिकता के आधार पर डिस्पोज किया जाए।
प्रोजेक्ट ‘डिवाइस’ की सफलता और जागरूकता अभियान
बैठक में बताया गया कि प्रोजेक्ट डिवाइस के माध्यम से CEIR पोर्टल की मदद से चोरी या खोए हुए मोबाइलों को ट्रैक किया जा रहा है। पिछले 20-25 दिनों के भीतर पुलिस ने लगभग 75 मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए हैं। इसके अतिरिक्त, स्कूल-कॉलेजों और पंचायतों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की भी समीक्षा की गई।
गुमशुदगी और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
गुमशुदा व्यक्तियों (बच्चे, महिला या पुरुष) के मामलों पर एसपी ने कहा कि पुलिस सभी SOP का पालन करते हुए त्वरित रेस्क्यू को प्राथमिकता दे रही है। साथ ही, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने और सघन गश्ती व एंटी-क्राइम चेकिंग के जरिए अपराध पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।







