चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के लीग राउंड के अंतिम दो मुकाबलों में मनोहरपुर लायंस और चाईबासा चैलेंजर्स ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। मनोहरपुर लायंस ने चक्रधरपुर रॉयल्स को तीन विकेट से हराया, जबकि चाईबासा चैलेंजर्स ने सारंडा वारियर्स को आठ विकेट से पराजित किया।
चंदन मुखी और सचिन दूबे की शानदार पारियों से टीमों ने दर्ज की जीत, कल होंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले

चंदन मुखी की शानदार पारी से मनोहरपुर लायंस जीता
पहले मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी चक्रधरपुर रॉयल्स की टीम 16.2 ओवर में 161 रन पर ऑलआउट हो गई। अनुज उरांव ने आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 78 रन की शानदार पारी खेली, जबकि श्रेष्ठ ने 39 रन बनाए।
मनोहरपुर लायंस की ओर से गौरव सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए महज नौ रन देकर चार विकेट चटकाए। सुप्रियो चक्रवर्ती और तन्मय तंतुबाई को दो-दो विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर लायंस ने 18.4 ओवर में सात विकेट गंवाकर 165 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। निचले क्रम में बल्लेबाजी करने उतरे चंदन मुखी ने संकट की स्थिति में 63 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
चक्रधरपुर रॉयल्स की ओर से महेश सुलेंद्र दास ने 28 रन देकर चार और हर्ष कुमार ने 24 रन देकर दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए चंदन मुखी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन उन्होंने अपना पुरस्कार शानदार गेंदबाजी करने वाले गौरव सिंह को समर्पित कर दिया। पुरस्कार स्टेक स्पोर्ट्स जी के निदेशक पियुष आनंद ने प्रदान किया।
सचिन दूबे के शतक से चाईबासा चैलेंजर्स की बड़ी जीत
दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सारंडा वारियर्स ने 19.4 ओवर में 205 रन बनाए। कुमार करण ने पांच चौकों और नौ छक्कों की मदद से 92 रन की विस्फोटक पारी खेली और महज आठ रन से शतक से चूक गए। अंकित शर्मा ने 43 रन बनाए।
चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से एमोस एक्का ने 43 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि सचिन भाटी और हर्ष राणा को दो-दो विकेट मिले।
205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स ने सचिन दूबे के नाबाद शतक की बदौलत 17 ओवर में सिर्फ दो विकेट खोकर 209 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। सचिन दूबे ने नौ चौकों और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 107 रन बनाए। अरविंद कुमार ने भी 61 रनों की उपयोगी पारी खेली।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के सहायक सचिव शाहिद अख्तर ने सचिन दूबे को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
कल होंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले
लीग राउंड के समापन के बाद अब प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में कोल्हान किंग का मुकाबला जगन्नाथपुर टाइगर्स से सुबह नौ बजे होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में दोपहर एक बजे मनोहरपुर लायंस और चाईबासा चैलेंजर्स आमने-सामने होंगी।








