चांडिल/पुरुलिया: पश्चिम बंगाल सीमा से सटे चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर सोमवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर पुरुलिया जिले के बलरामपुर में आयोजित प्रसिद्ध ‘छाता मेला’ घूमने गए थे। वहां पनामा सर्कस देखने के बाद देर रात वे वापस अपने गांव जुगिलांग लौट रहे थे। इसी दौरान मालती चेकपोस्ट के समीप जमशेदपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सपन गोप को तत्काल पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची बंगाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नीमडीह थाना प्रभारी डीलशन बिरुवा के अनुसार, बंगाल पुलिस मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार वाहन और चालक की शिनाख्त में जुटी है। एक ही गांव के तीन होनहार युवकों की असमय मौत से पूरे जुगिलांग गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








