विधायक लोबिन हेंब्रम से मिले कोल्हान भूमि बचाओ समिति के सदस्य, एसटी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत

Chaibasa : कोल्हान भूमि बचाओ समिति के सदस्यों ने शनिवार को अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के अध्यक्ष सह विधायक लोबिन हेम्ब्रम से चाईबासा के सर्किट हाऊस में मिल कर चाईबासा में सीएनटी जमीन पर गैर आदिवासियों द्वारा अवैध कब्जा किये जाने की लिखित शिकायत की.

इसे भी पढ़ें :- दिव्यांग आदिवासी की जमीन पर अवैध कब्जा, मंगल देवगम ने उपायुक्त से की लिखित शिकायत

समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार सावैयां ने अध्यक्ष लोबिन हेंब्रम से कहा कि चाईबासा के टुंगरी में चार आदिवासी ग्रामीणों की कुल आठ एकड़ जमीन पर एक गैर आदिवासी बनवारी लाल नेवटिया का अवैध कब्जा है. इस मामले में पीड़ितों को न्याय पाने में मदद करें.

विनोद सावैयां ने कहा कि इसके अलावे दुम्बीसाई, डिलियामार्चा, खप्परसाई, सुफलसाई, मतकमहातु, नीमडीह इलाके में भी सैकड़ों एकड़ सीएनटी जमीन पर गैर आदिवासियों का अवैध कब्जा है. भ्रष्ट अधिकारियों की मदद मिलने के कारण इन कब्जेदारों के खिलाफ शिकायत के बावजूद एक्शन नहीं लिया जा रहा है.

विनोद कुमार सावैयां ने कुजू डैम से होने वाले विस्थापन की समस्या भी उठायी. उन्होंने कहा कि विस्थापन से आदिवासियों के पूजा स्थल एवं जाहेरथान भी उजड़ जाएगा. लोबिन हेंब्रम ने शिकायत सुनने के बाद मामले को देख लेने का आश्वासन दिया. साथ ही अवैध कब्जेवाले स्थल का कभी निरीक्षण करने की भी बात कही.

इसके पूर्व भूमि बचाओ समिति के सदस्यों ने टाटा कॉलेज परिसर में स्व पूर्णचंद्र बिरुवा की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. मौके पर डिबर देवगम, भगवान देवगम, चाहत देवगम, प्रकाश देवगम, रामेश्वर बिरुआ आदि मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें :- http://चाईबासा : महिला कॉलेज में वन महोत्सव सप्ताह का हुआ समापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *