Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को वार्ड संख्या 11 से पूर्व पार्षद मंजू देवी ने आधिकारिक तौर पर अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
नामांकन से पूर्व उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की, जिसके बाद भारी संख्या में समर्थकों के साथ वे गम्हरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचीं।

निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष दाखिल किया नामांकन
मंजू देवी ने निर्वाचन पदाधिकारी प्रवीण कुमार के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इस दौरान उनके साथ समर्थकों का भारी हुजूम देखा गया, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। समर्थकों के उत्साह ने क्षेत्र में उनके मजबूत जनाधार की झलक पेश की।

‘विकास ही मेरा मुख्य एजेंडा’ – मंजू देवी
नामांकन के पश्चात पत्रकारों से रूबरू होते हुए मंजू देवी ने अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में हमने वार्ड 11 में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। जनता का स्नेह और समर्थन मेरे साथ है। इस बार मेरा मुख्य उद्देश्य उन अधूरे कार्यों को पूर्ण करना है जो तकनीकी कारणों या समय के अभाव में रह गए थे।
जनता के बीच पैठ
क्षेत्र में मंजू देवी की छवि एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस बार भी ‘विकास के एजेंडे’ पर चुनाव लड़ रही हैं। नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ को देखते हुए उनके प्रतिद्वंद्वियों के लिए चुनौती कड़ी मानी जा रही है।








