सरायकेला/आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 29 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार को भाजपा की कद्दावर नेता रहीं दिवंगत राजमणि देवी की बहू अर्चना कुमारी सिंह ने सरायकेला अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए अर्चना सिंह ने अपनी जीत का अटूट विश्वास जताया और इसे जनता की सेवा का मिशन बताया।

सास की विरासत और विकास का रोडमैप
अर्चना सिंह ने कहा कि उनकी चुनावी लड़ाई का मुख्य उद्देश्य अपनी दिवंगत सास राजमणि देवी के अधूरे सपनों को पूरा करना है। उन्होंने जोर देकर कहा, “मेरी सास ने वार्ड के विकास के लिए जो रोडमैप तैयार किया था, उसे धरातल पर उतारना ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।” गौरतलब है कि राजमणि देवी वार्ड 29 से लगातार तीन बार पार्षद चुनी गई थीं और झारखंड में सबसे अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम था। उनके आकस्मिक निधन के बाद से यह सीट रिक्त थी।
हाई-प्रोफाइल होगा मुकाबला
इस बार वार्ड 29 का चुनाव बेहद रोचक मोड़ पर है। अर्चना सिंह का सीधा मुकाबला पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रीता श्रीवास्तव से है, जो पूर्व मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव की पत्नी हैं। प्रतिद्वंद्वी के सवाल पर अर्चना सिंह ने दो टूक कहा कि मैदान में कौन है, इससे फर्क नहीं पड़ता। उन्हें जनता के आशीर्वाद और अपनी सास द्वारा किए गए कार्यों पर पूर्ण भरोसा है।








