Jamshedpur (जमशेदपुर) : जमशेदपुर स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य देश की वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों को सम्मान देना तथा नवाचार के माध्यम से समाज के समग्र विकास पर चर्चा करना था। कार्यक्रम में प्रो. सुमन चक्रवर्ती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

जमशेदपुर :सीएसआईआर-एनएमएल ने मनाया प्लेटिनम जयंती समारोह
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. संदीप घोष चौधरी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने भविष्य निर्माण में अनुसंधान और तकनीकी विकास की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष में संस्थान द्वारा कई ऐसी तकनीकों का विकास किया गया है, जो अब व्यावसायीकरण के लिए तैयार हैं।

इस अवसर पर डॉ. के.के. साहू ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया और उनकी शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों की जानकारी दी।
मुख्य व्याख्यान में प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने “समावेशी विकास हेतु उत्तरदायी नवाचार – गहन विज्ञान से गहन सामाजिक प्रभाव तक” विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका उद्देश्य मानव जीवन को बेहतर बनाना, सामाजिक समानता बढ़ाना और सतत विकास सुनिश्चित करना भी होना चाहिए।
उन्होंने भारत की डिजिटल प्रगति, ग्रामीण चुनौतियों, स्वास्थ्य असमानताओं और विशाल युवा शक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक का विकास स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के कथन “विज्ञान सार्वभौमिक है, लेकिन तकनीक स्थानीय होनी चाहिए” का उल्लेख करते हुए स्थानीय जरूरतों के अनुसार तकनीक विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. चक्रवर्ती ने सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 का विमोचन भी किया। अंत में डॉ. एस. के. पाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के तहत संस्थान के पीएचडी शोधार्थियों द्वारा पोस्टर प्रस्तुति आयोजित की गई। वहीं MSME प्रतिनिधियों को प्रयोगशाला की विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाओं का भ्रमण कराया गया। अरका जैन विश्वविद्यालय तथा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट के छात्र एवं शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। छात्रों के लिए विशेष प्रयोगशाला भ्रमण का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन एसीएसआईआर साइंस क्लब द्वारा किया गया।








