Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर और गम्हरिया रेलवे स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग प्रणाली को निशाना बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आरपीएफ (RPF) ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज महतो और राकेश महतो के रूप में हुई है, जो विद्युत नगर के निवासी हैं।
रेलवे कॉलोनी चाईबासा की मूलभूत समस्याओं को लेकर सौंपा गया सामूहिक आवेदन
चोरी की घटना और अनुसंधान
विदित हो कि बीते 9 मई 2026 की रात अपराधियों ने आदित्यपुर और गम्हरिया के बीच स्थित एक रेलवे सिग्नल गुमटी में सेंधमारी की थी। इस दौरान चोरों ने वहां लगे तड़ित चालक और लगभग 10 मीटर कीमती कॉपर वायर की चोरी कर ली थी। इस घटना से रेल परिचालन की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया था। घटना के बाद से ही आरपीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय थीं।
छापेमारी और गिरफ्तार
लगातार तीन दिनों तक खुफिया तंत्र से मिली जानकारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरपीएफ आदित्यपुर और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त छापेमारी की। बीती रात टीम ने दोनों आरोपियों को चोरी के माल के साथ रंगे हाथों धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि इन दोनों का विभिन्न थानों में पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
न्यायिक हिरासत
आरपीएफ आदित्यपुर के निरीक्षक अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आज दोनों आरोपियों को रेल न्यायालय में पेश किया। माननीय न्यायालय के आदेशानुसार, दोनों अपराधियों को घाघीडीह केंद्रीय कारागार (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया है।







