Saraikela (सरायकेला) : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत दलभंगा ओपी प्रभारी पर ग्रामीणों को जबरन गलत गवाही देने के लिए दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य झिंगी हेंब्रम के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर न्याय और कार्रवाई की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम बाड़ेहातु निवासी सोयना मुंडा ने बताया कि गत 28 अप्रैल 2026 को उनकी शादी संपन्न हुई थी। इस विवाह समारोह में शामिल होने आई उनकी भांजी फूलमनी मुंडा अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ कहीं चली गई। इस लापता मामले की जांच के दौरान दलभंगा ओपी प्रभारी पर ग्रामीणों को परेशान करने के आरोप लग रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें घटना की वास्तविक और स्पष्ट जानकारी नहीं है। इसके बावजूद ओपी प्रभारी लगातार गांव पहुंचकर परिजनों और स्थानीय लोगों पर झूठी गवाही देने का अनैतिक दबाव बना रहे हैं। पुलिस की इस कार्यशैली से पूरे गांव में भय, दहशत और असंतोष का माहौल व्याप्त हो गया है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर झूठी गवाही नहीं देंगे।
वहीं, ग्रामीणों ने यह भी सनसनीखेज दावा किया है कि लापता फूलमनी मुंडा वर्तमान में खरसावां विधायक दशरथ गागराई के आवास पर रह रही है। ग्रामीणों ने एसपी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर उचित जांच की मांग की है।








