सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव स्थित डेम से बरामद 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी के शव मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां सिद्धांता मार्डी एवं अन्य परिजनों ने युवक की मौत को हत्या बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग जिला पुलिस से की है।
सरायकेला: डैम से युवक का शव बरामद, दो दिनों से लापता था 21 वर्षीय सूरज मार्डी
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान जब शव से प्लास्टिक कवर हटाया गया तो उन्होंने देखा कि शरीर पर पोस्टमार्टम के दौरान लगाए जाने वाले चिरे या टांके के निशान नहीं हैं। इसे लेकर परिजनों ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर सवाल उठाए और देर रात शव को वापस सरायकेला सदर अस्पताल ले जाकर पुनः पोस्टमार्टम की मांग की।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उनका कहना है कि बिना विधिवत पोस्टमार्टम के मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सकता, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन ने दोबारा पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं, प्रथम पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. रणदीप मेलगांडी ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान एक महिला सहिया शव को जल्द परिजनों को सौंपने के लिए लगातार दबाव बना रही थीं। उनके अनुसार जल्दबाजी की स्थिति के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी तरह संतोषजनक ढंग से नहीं हो सकी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोबारा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
http://चांडिल में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, सुनसान इलाके में मिला शव








