Adityapur (आदित्यपुर)। दिवंगत हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग को लेकर आज आदित्यपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वावधान में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस एस-टाइप चौक से प्रारंभ होकर पान दुकान चौक तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर आक्रोश जताया।

मशाल जुलूस का नेतृत्व मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री श्री मधु कोड़ा और पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा ने किया। जुलूस में आदित्यपुर नगर निगम के महापौर श्री संजय सरदार, भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश हांसदा, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, पश्चिम मंडल अध्यक्ष किशन प्रधान और आरआईटी मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, उपाध्यक्ष देबेश महापात्र, अमीतेश अमर, ऋतिका मुखी, जिला मंत्री सतीश शर्मा एवं लालन शुक्ला सहित कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
जुलूस के समापन पर आयोजित सभा में सभी वक्ताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दिवंगत हिमांशु सिंह के हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान वक्ताओं ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे न्याय की इस लड़ाई में एकजुटता दिखाते हुए कल घोषित ‘आदित्यपुर बंद’ को पूर्णतः सफल बनाएं।








