आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले की आदित्यपुर थाना पुलिस ने एक वर्ष से फरार चल रहे कुख्यात प्राथमिक अभियुक्त सुमित महतो (24 वर्ष) को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
आरोपी सुमित महतो, पिता फूलचंद महतो, मूल रूप से गम्हरिया थाना क्षेत्र के उदयपुर का निवासी है। पुलिस ने उसे गुप्त सूचना के आधार पर सालडीह बस्ती से दबोचा है। आवश्यक पूछताछ के बाद आज, 17 जुलाई 2026 को उसे माननीय न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह कार्रवाई आदित्यपुर थाना कांड संख्या 255/25 (दिनांक 15 अगस्त 2025) के तहत की गई है। यह मामला वादी शंभू महतो पर जानलेवा हमला करने और गोली चलाने के आरोप में दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी सुमित महतो गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था।
कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 352, 351(2), 351(3), 109, 111, 61(2), और 3(5) सहित आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a, 26, 35, 25(6) और 27 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही दो अन्य सह-आरोपियों—सुभाष प्रमाणिक और छोटू राम—को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सुमित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया को मजबूत करने में जुट गई है।








