गुवा: कहते हैं कि एक पिता अपने बच्चों के लिए हर मुश्किल से लड़ जाता है। पश्चिमी सिंहभूम के गुवा में शुक्रवार सुबह यह बात सच साबित हो गई, जब एक पिता ने अपने दो बेटों की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान तक कुर्बान कर दी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गुवा क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोगों की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम है—दामु हेंब्रम।
जानकारी के अनुसार, गुवा थाना क्षेत्र के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम शुक्रवार सुबह अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में स्नान करने गए थे। मौसम सामान्य था और परिवार के लिए यह एक सामान्य दिन की शुरुआत थी, लेकिन कुछ ही क्षणों में खुशियां मातम में बदल गईं।

नहाने के दौरान अचानक दोनों बेटे नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। अपने बच्चों को मौत से जूझते देख दामु हेंब्रम ने बिना एक पल गंवाए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने पूरी ताकत और हिम्मत के साथ दोनों बेटों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया। लेकिन बच्चों को बचाने की इस जद्दोजहद में वह स्वयं गहरे पानी की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल सके।
घटना को देख आसपास मौजूद लोग तुरंत नदी की ओर दौड़े। काफी प्रयास के बाद दामु हेंब्रम को पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में गुवा सेल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन बिलख पड़े। परिवार की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
गुआ में लगातार हो रही बारिश से कारो नदी उफनाई, बोकना पुल डूबा
सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। मेहनतकश और सरल स्वभाव के दामु हेंब्रम को जानने वाले लोग उनकी दरियादिली और परिवार के प्रति समर्पण की चर्चा करते नहीं थक रहे हैं। उनका यह बलिदान पूरे इलाके के लिए हमेशा याद रहने वाली एक मार्मिक मिसाल बन गया है।
एक ओर दो बेटों को अपने पिता की बहादुरी की वजह से नई जिंदगी मिली, तो दूसरी ओर उन्हीं बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। यह घटना हर किसी को भावुक कर रही है और पूरे गुवा क्षेत्र में शोक का माहौल है।
http://गुआ में लगातार हो रही बारिश से कारो नदी उफनाई, बोकना पुल डूबा








