आदित्यपुर: क्षेत्र को नशामुक्त करने और अवैध ड्रग्स नेटवर्क की कमर तोड़ने के लिए आदित्यपुर थाना पुलिस ने मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को सघन अभियान चलाया। पुलिस की विभिन्न टीमों ने दलबल के साथ राम मढ़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती और इमली चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ छापेमारी कर फरार ड्रग पेडलरों के ठिकानों को खंगाला।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गायारी ने बताया कि पुलिस को कल देर रात से ही ड्रग्स तस्करी और इससे अर्जित अवैध कमाई के संबंध में गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों का गठन कर बस्तियों में लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी मनोज स्वर्गायारी ने कहा
ड्रग्स बिक्री और इससे जुड़े अवैध पैसों के लेन-देन की सूचना पर बीती रात से ही लगातार रेड चल रही है। अब तक की कार्रवाई में भारी मात्रा में नगद राशि बरामद की गई है, जिसकी गिनती जारी है। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत/गिरफ्तारी में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपियों और उनके सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है। बरामद मादक पदार्थों और नगदी का पूरा ब्योरा गिनती के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।” — मनोज स्वर्गायारी, SP सरायकेला-खरसवां
सार्वजनिक स्थलों और शराब दुकानों के पास कड़ाई
छापेमारी अभियान के साथ-साथ पुलिस ने क्षेत्र के पार्कों, प्रमुख चौराहों और देसी व विदेशी शराब दुकानों के आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों एवं मनचलों पर नकेल कसने के लिए विशेष बाइक पेट्रोलिंग अभियान भी चलाया। बेवजह जमावड़ा लगाने वाले युवाओं से कड़ी पूछताछ कर चेतावनी दी गई। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा कारोबार और हुड़दंगई को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







