राजनगर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजनगर प्रखंड के रिचीतुका गांव में आदिवासी प्रगति क्लब की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी शामिल हुईं और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
विश्व आदिवासी दिवस पर गुवा में निकली भव्य रैली, जनसभा में सामाजिक मुद्दों पर मंथन
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एके हार्डगर और एपीसी रिचीतुका के बीच खेला गया। सांसद जोबा मांझी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का उद्घाटन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, लेकिन मुकाबला बराबरी पर रहा। अंततः रेफरी के टॉस में मेजबान एपीसी रिचीतुका की टीम विजेता घोषित की गई।

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा मांझी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा और जुनून से जुड़ा खेल है। खिलाड़ियों को गांव स्तर पर लगातार प्रोत्साहन और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की। सांसद ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मेहनत, अनुशासन और संघर्ष ही सफलता की राह तैयार करते हैं।
अतिथियों के हाथों दोनों टीमों को नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और खस्सी प्रदान की गई। मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन, भुगलु सोरेन, कृष्णा बास्के, रामजीत हांसदा, रामसिंह हेम्ब्रम, भूकतु मार्डी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।








