आदित्यपुर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर झारखंड चेतना मंच द्वारा बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट के पीछे अंत्योदय आश्रम में गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मंच की ओर से आश्रम में रह रहे कुष्ठ रोगियों के बीच फल, बिस्कुट और खाद्य सामग्री का वितरण कर बापू के प्रति सच्ची श्रद्धा अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर के. पी. सोरेन ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें गांधी जी और अन्य महापुरुषों के आदर्शों एवं जीवन मूल्यों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों और संस्थाओं से आग्रह किया कि वे बापू के विचारों को नई पीढ़ी के संस्कारों में जीवित रखने का प्रयास करें।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद नेत्री शारदा देवी ने कहा कि हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी बड़े उत्साह और सेवा भाव के साथ आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के उपेक्षित वर्ग के बीच आकर समय बिताना और खुशियाँ बाँटना मन को असीम संतोष देता है। उन्होंने इस पुनीत कार्य को निरंतर जारी रखने के लिए सुरेश धारी के प्रयासों की सराहना की।
झारखंड चेतना मंच के अध्यक्ष एवं 20 सूत्री जिला कार्यान्वयन समिति (सरायकेला-खरसावां) के सदस्य सुरेश धारी ने कहा कि मंच और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से पिछले करीब 30 वर्षों से इस पावन धरती पर लगातार गांधी जयंती मनाई जा रही है। उन्होंने कहा, “यह वह जगह है जहां सामान्यतः लोग आने से कतराते हैं, लेकिन समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और जनता के सहयोग से हम हर वर्ष यहाँ पहुँचते हैं और सेवा कार्य के माध्यम से बापू को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”

इस अवसर पर समाज वैज्ञानिक रबिन्द्र नाथ चौबे, अम्बुज कुमार ,डॉ पी के सिंह, आयकर निरीक्षक संतोष चौबे ,अधिवक्ता अनिल सिंह,
समरेन्द्र नाथ तिवारी, मनोज कुमार, आदित्य शंकर, सुबोध शरण, गोपाल झा, राहुल यादव, धर्मनाथ शर्मा, मनोज पासवान ,गुप्तेश्वर झा ,सरोज कुमार, अमरनाथ ठाकुर, योगेंद्र प्रसाद, सतीश मिश्रा ,लक्मण प्रसाद, संजीव दुबे ,लक्ष्मी तिबारी ,सोनू यादव समेत कई गणमान्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







