आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापुरी में आपसी पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद दोनों ही पक्षों के लोग अपनी-अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे हैं। दोनों तरफ से पुलिस को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की सत्यता का पता लगाने के लिए गहन जांच में जुट गई है।

प्रथम पक्ष रूपा झा के आरोप:
थाने में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, कल्पनापुरी निवासी रूपा झा का अपनी गोतनी संजना झा के साथ काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था। आरोप है कि 5 जून की शाम करीब 6:40 बजे इसी विवाद को लेकर बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई। पीड़िता रूपा झा ने अपने भैसुर राकेश कुमार झा और एक अन्य व्यक्ति प्रवीन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि राकेश झा ने प्रवीन सिंह को बुलाकर रूपा झा के साथ मारपीट की घटना के समय रूपा झा के पति ड्यूटी पर थे और उनकी छोटी बेटी अदिति कुमारी मूकदर्शक बनी रोती रही। रूपा झा ने परिवार की सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

द्वितीय पक्ष राकेश कुमार झा का पलटवार:
वहीं, मामले के दूसरे पक्ष के राकेश कुमार झा ने भी थाने में लिखित आवेदन देकर रूपा झा और उनके परिवार पर मारपीट, गाली-गलौज करने तथा झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देने का जवाबी आरोप लगाया है। राकेश झा का कहना है कि घरेलू कलह के कारण उनके पक्ष के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उनके परिवार को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस का बयान:
आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने दोनों पक्षों के शिकायत पत्रों को स्वीकार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पूरी तरह से पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। पुलिस अधिकारी मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। दोनों पक्षों की बातें सुनने और प्राथमिक जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







