आदित्यपुर: ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की राष्ट्रीय बैठक में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने केंद्रीय नगर विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टमंडलीय मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में संजय सरदार झारखंड से शामिल होने वाले एकमात्र मेयर रहे।
मुलाकात के दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत और ऐतिहासिक मांग पत्र सौंपा, जिसमें झारखंड के लिए केंद्र द्वारा प्रस्तावित 15वें वित्त आयोग की ₹2,500 करोड़ की विकास राशि को राज्य को पुनः वापस किए जाने के संवेदनशील मुद्दे पर बेहद गंभीर चर्चा हुई।
मेयर संजय सरदार ने केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए स्पष्ट किया कि 15वें वित्त आयोग के तहत झारखंड के नगरीय निकायों को आवंटित होने वाली करीब ₹2,500 करोड़ की भारी-भरकम राशि तकनीकी कारणों से वापस हो गई है। उन्होंने जोर दिया कि इस राशि के अभाव में राज्य के विभिन्न नगर निकायों के बुनियादी ढांचे और जन-कल्याणकारी योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। झारखंड के शहरी विकास को गति देने के लिए इस फंड की उपलब्धता बेहद जरूरी है। इस पर केंद्रीय मंत्री खट्टर ने पूरे विषय को गंभीरता से सुना और नियमानुसार उचित कार्रवाई करते हुए सकारात्मक सहयोग का ठोस आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त, मेयर ने आदित्यपुर को राष्ट्रीय स्तर पर ‘Industrial Smart Urban Growth Model’ के रूप में स्थापित करने के लिए विशेष वित्तीय सहायता पैकेज की मांग की। उन्होंने आगामी 40 वर्षों की जरूरतों को देखते हुए कॉम्प्रिहेंसिव मास्टर प्लान तैयार करने, इंटरनेशनल कंसलटेंट की नियुक्ति, 4,000 की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर के निर्माण और सीतारामपुर डैम को विश्वस्तरीय ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के लिए केंद्रीय प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति देने का भी विशेष आग्रह किया।








