आदित्यपुर: नोएडा और हरियाणा सहित पूरे एनसीआर (NCR) क्षेत्र में अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलित मजदूरों के समर्थन में आज इंडस्ट्रियल मजदूर यूनियन ने टाटा कांड्रा मुख्य मार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया। सूरज ऑटोमोबाइल के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम में यूनियन के सदस्यों ने केंद्र व राज्य सरकारों की श्रमिक विरोधी नीतियों और पुलिसिया दमन की कड़े शब्दों में निंदा की।

शोषण और दमन की दास्तां
आंदोलनकारियों ने बताया कि NCR के कारखानों में मजदूरों से 10 से 12 घंटे काम लिया जा रहा है, जबकि वेतन के नाम पर मात्र 11,000 रुपये दिए जाते हैं। न तो ओवरटाइम का भुगतान हो रहा है और न ही बोनस। इसके विरोध में जब मजदूरों ने आवाज उठाई, तो उत्तर प्रदेश और हरियाणा की भाजपा सरकारों ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और गिरफ्तारियों के जरिए आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया।
CITU की अपील और एकजुटता
CITU के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आज 16 अप्रैल को देशभर में एकजुटता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में इंडस्ट्रियल मजदूर यूनियन ने गिरफ्तार मजदूरों की अविलंब रिहाई और उनकी मांगों को तुरंत स्वीकार करने की मांग की।
प्रमुख उपस्थिति
आज के इस कार्यक्रम का नेतृत्व यूनियन के अध्यक्ष मंटू मिश्रा ने किया। मौके पर अधिवक्ता राजीव सिंह, फागू महतो, गिरीश कुमार सिन्हा, सार्जन महतो, शंकर साहू, वीरेन्द्र सिंह, प्रमोद कुमार, विजया नंद सिंह और काली दास सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपने वक्तव्य रखे और नारों के साथ एकजुटता प्रदर्शित की।








