Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने मानव तस्करी और लापता युवतियों के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा से दो युवतियों को सकुशल बरामद कर चाईबासा वापस लाया है। पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली है।

मंगलवार को एक युवती को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि दूसरी युवती को सुरक्षा और देखरेख के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
चाईबासा में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, गुजरात भेजे जाने से पहले 36 लोगों का रेस्क्यू
सोशल मीडिया से मिली बेटी की जानकारी
जानकारी के अनुसार, गुदड़ी थाना क्षेत्र के तिरकीडीह गांव निवासी विक्रम बरजो ने 11 मई 2026 को गुदड़ी थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनकी 15 वर्षीय बेटी सुषमा बरजो जून 2024 में पढ़ाई और काम सीखने के लिए अपने रिश्तेदारों के साथ पंजाब गई थी। वहां वह एक संस्था में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
करीब छह महीने पहले वह अचानक लापता हो गई थी। परिवार को लंबे समय तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में 11 मई को सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों को पता चला कि सुषमा एक संस्था में रह रही है और घर लौटना चाहती है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार उसे वापस लाने में असमर्थ था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम हरियाणा पहुंची और वहां से सुषमा बरजो को सकुशल बरामद कर चाईबासा लाई।
मंगलवार को युवती को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC), चाईबासा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
गिरिडीह की युवती भी लाई गई वापस
हरियाणा स्थित संस्था में पुलिस टीम को गिरिडीह जिले की रहने वाली 20 वर्षीय कामिनी कुमारी के बारे में भी जानकारी मिली। वह पिछले नौ महीनों से वहां रह रही थी और अपने घर लौटना चाहती थी। हालांकि आर्थिक तंगी के कारण उसके परिजन उसे वापस नहीं ला पा रहे थे।
पुलिस टीम ने उसे भी सकुशल हरियाणा से चाईबासा लाकर सखी वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा है तथा उसके परिवार को इसकी सूचना दे दी गई है।
पुलिस टीम में शामिल थे ये अधिकारी
हरियाणा जाकर युवतियों को सकुशल वापस लाने वाली टीम में गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज, पुअनि चंदन शुभम शर्मा, सअनि मनोज कुमार बोदरा तथा महिला आरक्षी प्रियंका बिरूली शामिल थीं। पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।







