चाईबासा : मारवाड़ी महिला समिति, चाईबासा शाखा द्वारा झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पाडिया, प्रांतीय सचिव श्रीमती मनीषा मित्तल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्रीमती ललिता सरायवाला एवं संपादिका श्रीमती सीमा चौधरी का पारंपरिक ‘सैफ़रन सूट’ में भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रीमती रेनू विजयवर्गीय ने गणेश वंदना एवं प्रार्थना प्रस्तुत की। शाखा अध्यक्ष श्रीमती संगीता मुंधड़ा एवं शाखा सचिव श्रीमती विनीता खिरवाल ने अतिथियों का पौधा, स्मृति-चिह्न (प्लेटर) एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया।
चाईबासा : मारवाड़ी महिला समिति नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाया गया शपथ

स्वागत भाषण में श्रीमती संगीता मुंधड़ा ने कहा कि “प्रभा जी का सान्निध्य हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। ‘संस्कार ही हमारी धरोहर है’ हमारे जीवन का मूल आधार है, जिसे हमें संजोकर रखना चाहिए।”
इस अवसर पर श्रीमती कविता शर्मा ने संस्था की गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। आंचल प्रमुख श्रीमती पुष्पलता चौबे ने बताया कि मानगो में महिला समिति की नई शाखा का गठन किया गया है और उन्हें 15 शाखाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपने संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पाडिया ने “संस्कार ही हमारी धरोहर है” विषय पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, पर्यावरण संरक्षण, अंगदान, देहदान एवं रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही उन्होंने सिलाई केंद्र जैसे स्थायी प्रोजेक्ट्स के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया।
प्रांतीय सचिव श्रीमती मनीषा मित्तल ने चाईबासा शाखा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शाखा ने कम समय में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण के तहत एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रजनी मोहता एवं श्रीमती कविता शर्मा ने किया। इस दौरान श्रीमती रजनी मोहता ने “संस्कार ही हमारी धरोहर है” विषय पर एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती सविता अग्रवाल ने किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में समिति की कई सदस्याएं एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
http://चाईबासा : मारवाड़ी महिला समिति ने निशुल्क कराई 120 स्कूली बच्चों की आंखों की जांच








