Tonto – टोंटो (पश्चिमी सिंहभूम): केंद्र सरकार की डिजिटल इंडिया योजना और ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ते दायरे के बीच पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो प्रखंड में नेटवर्क व्यवस्था की बदहाली गंभीर चिंता का विषय बन गई है। टोंटो मुख्यालय समेत रेगड़ाहातु और बुंडू पंचायतों में बिजली गुल होते ही जियो नेटवर्क पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे राष्ट्रीय जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में स्थापित जियो मोबाइल टॉवर में जनरेटर की सुविधा मौजूद है, लेकिन बिजली कटौती के दौरान उसे चालू नहीं किया जाता। इसके कारण घंटों तक मोबाइल नेटवर्क सेवा बाधित रहती है और पूरा इलाका संचार व्यवस्था से कट जाता है।
इस वर्ष जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है। प्रगणकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डेटा अपलोड करना है, लेकिन नेटवर्क की समस्या उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
प्रगणक रासबिहारी तांती ने बताया कि दिनभर घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने के बाद ऐप में डेटा अपलोड करने के समय नेटवर्क उपलब्ध नहीं रहता, जिससे कार्य में भारी विलंब हो रहा है। वहीं गुरुचरण सिद्दू ने कहा कि बिजली कटते ही टॉवर बंद हो जाता है और जनरेटर चालू नहीं किया जाता, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा है।
शिक्षिका एवं प्रगणक सुमित्रा बोइपाई ने बताया कि नेटवर्क की कमी के कारण ऐप कई बार क्रैश हो जाता है तथा भरा हुआ डेटा भी सुरक्षित नहीं हो पाता। महिला कर्मियों को देर रात तक नेटवर्क का इंतजार करना पड़ता है, जो सुरक्षा की दृष्टि से भी उचित नहीं है।
प्रगणक मुकेश मुगिया ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो निर्धारित समय सीमा में जनगणना कार्य पूरा कर पाना संभव नहीं होगा।
इधर मानवाधिकार सहायता संघ के जिला उपाध्यक्ष सह सोशल मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार तुंबलिया ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) टोंटो को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल नेटवर्क की समस्या नहीं बल्कि राष्ट्रीय महत्व के कार्य में बाधा उत्पन्न करने जैसा मामला है। यदि दो दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेटवर्क बाधित रहने से बैंकिंग सेवाएं, प्रज्ञा केंद्रों का काम, ऑनलाइन पढ़ाई और आपातकालीन संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जियो कंपनी और उसके स्थानीय वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजली कटौती के दौरान जनरेटर संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
http://297 Shadow area के मतदान केंद्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी किए जाएंगे बहाल







