सरायकेला: सरायकेला-खरसावाँ जिले में होमगार्ड (गृहरक्षक) भर्ती प्रक्रिया के दौरान फर्जी दस्तावेजों के उपयोग की खबरों ने जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। स्थानीय समाचारों में बाहरी अभ्यर्थियों द्वारा गलत आवासीय प्रमाण पत्र के आधार पर मेधा सूची में जगह बनाने की खबरों का संज्ञान लेते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त कार्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है।
अंतिम नहीं है वर्तमान मेधा सूची
प्रभारी पदाधिकारी (सामान्य शाखा) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि वर्तमान में प्रकाशित सूची केवल शारीरिक दक्षता और हिंदी लेखन परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई है। नामांकन की प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है। मेधा सूची में शामिल होना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है।
सत्यापन में जालसाजी मिली तो दर्ज होगी FIR
प्रशासन के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 से 06 मई 2026 तक अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जाँच और मूल प्रमाण पत्रों का मिलान किया जाएगा। यदि इस दौरान किसी का आवासीय प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं, तो अभ्यर्थी की दावेदारी तुरंत रद्द कर दी जाएगी। साथ ही, गंभीर जालसाजी के मामलों में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही मिलेगी जॉइनिंग
विज्ञापन संख्या 1/2025 के प्रावधानों के तहत, अंतिम चयन से पहले सभी सफल अभ्यर्थियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। इसमें निवास स्थान, पूर्ववृत्त और चरित्र की गहराई से जांच की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को अफवाहों से बचने और पूरी प्रक्रिया की शुचिता व पारदर्शिता पर भरोसा रखने की अपील की है।








