गम्हरिया : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को वार्ड संख्या 18 से युवा और उत्साही प्रत्याशी अंकुर सिंह ने अपने समर्थकों के साथ गम्हरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

अंकुर सिंह, कद्दावर नेता और पूर्व विधायक अरविंद सिंह के भतीजे हैं। उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारी सह गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार के समक्ष अपना पर्चा भरा।नामांकन के दौरान समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। कार्यालय के बाहर स्थानीय लोगों और युवाओं की भारी भीड़ उनके समर्थन उत्साहित दिखे, जो क्षेत्र में उनकी बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है।

ध्वस्त सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को सुधारना पहली प्राथमिकता
नामांकन के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए अंकुर सिंह ने वार्ड की समस्याओं पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वार्ड 18 में सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम लंबे समय से पूरी तरह ध्वस्त है, जिससे स्थानीय निवासियों को जलजमाव और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे दुरुस्त करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी।
साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं पर जोर
अंकुर सिंह ने साफ-सफाई को मौलिक अधिकार बताते हुए कहा, “सफाई एक मूलभूत सुविधा है, जो वर्तमान में वार्ड से नदारद है। मेरा लक्ष्य इस पूरे सिस्टम को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाना है ताकि हर नागरिक को सरकारी योजनाओं और नागरिक सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सके।”

चुनाव: आपसी मेलजोल का उत्सव
चुनावी प्रतिद्वंद्विता पर बोलते हुए अंकुर सिंह ने एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव उनके लिए केवल सत्ता पाने का जरिया नहीं, बल्कि आपसी मेलजोल बढ़ाने का एक माध्यम है। उन्होंने इस चुनाव को “पारिवारिक माहौल” में संपन्न करने और क्षेत्र की एकता को बनाए रखने की अपील की।








